
जबलपुर । कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने हाईकोर्ट के सामने नवनिर्मित महाधिवक्ता कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन के विभिन्न कक्षों और व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रिसेप्शन, सिक्योरिटी रूम, रिकॉर्ड रूम, अकाउंट सेक्शन, कॉन्फ्रेंस रूम, महाधिवक्ता चेंबर, लाइब्रेरी और मीटिंग हॉल का अवलोकन किया। उन्होंने भवन में विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी इंतजामों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर विश्वकर्मा ने नवनिर्मित कार्यालय भवन का जल्द लोकार्पण कराने की तैयारी करने के निर्देश भी दिए, ताकि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जा सकें। उल्लेखनीय है कि लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से सात मंजिला महाधिवक्ता कार्यालय भवन का निर्माण पूरा हो चुका है।
