दतिया: पण्डोखर धाम ट्रस्ट के संस्थापक सचिव मुकेश कुमार गुप्ता को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। गुप्ता ने उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जनपद के राठ कस्बे के रहने वाले डॉक्टर स्वामीदीन गुप्ता के खिलाफ पंडोखर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मुकेश गुप्ता जब धाम स्थित अपने कार्यालय में यात्रियों से मुलाकात कर रहे थे, तब उन्हें कई व्हाट्सएप कॉल आईं। जब सामान्य कॉल आई तो उन्होंने आशंका के चलते अपने मोबाइल का रिकॉर्डर ऑन कर स्पीकर पर बात की।
कॉल पर डॉक्टर स्वामीदीन था, जो बातचीत के दौरान अचानक उग्र हो गया। उसने गाली-गलौज करते हुए गुप्ता को गोली मारने की धमकी दी। यह धमकी कई श्रद्धालुओं ने भी सुनी।मुकेश गुप्ता के अनुसार, डॉक्टर स्वामीदीन पहले भी वैश्य समाज के कई वरिष्ठजनों को फोन पर धमका चुका है। इसी कारण उसे अखिल भारतीय कान्यकुब्ज वैश्य महासभा से निष्कासित किया गया था।
पण्डोखर धाम के पीठाधीश्वर गुरुशरण महाराज के विदेश प्रवास से लौटने के बाद ट्रस्ट की आपात बैठक बुलाई गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाए। गुप्ता ने थाने में लिखित आवेदन के साथ बातचीत की रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पर डाले गए धमकी भरे पोस्ट के स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंपे हैं।
