मंडला: जिले में बिजली उपभोक्ताओं द्वारा स्मार्ट मीटरों को लेकर गहरा असंतोष जताया गया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग नगर के विद्युत वितरण कार्यालय पहुंचकर बिजली बिलों में हो रही अप्रत्याशित वृद्धि पर विरोध जताते नजर आए। बिल जनरेट होते ही लोगों का आक्रोश फूट पड़ा।पूर्व विधायक डॉ. अशोक मर्सकोले भी मौके पर पहुंचे और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। इससे आमजन का बजट बिगड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले जहां 500 से 600 रुपये का बिल आता था, वहीं अब स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिल 2200 से 3000 रुपये तक पहुंच रहा है। इससे मध्यम और निम्न वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।लोगों ने स्मार्ट मीटरों को हटाकर पुराने मीटरों को पुनः स्थापित करने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने जल्द समाधान नहीं किया तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।पूर्व विधायक मर्सकोले ने कहा कि सरकार को आमजन की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए और समय रहते निर्णय लेना चाहिए, वरना जनता का गुस्सा सड़कों पर उतर सकता है।
