चालू वित्त वर्ष में रेपो दर में एक और कटौती की उम्मीद: क्रिसिल

नयी दिल्ली, (वार्ता) क्रेडिट रेटिंग एजेंसी क्रिसिल ने बुधवार को रेपो दर 5.5 प्रतिशत पर स्थिर रखने के रिजर्व बैंक (आरबीआई) के फैसले का स्वागत करते हुये कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुये चालू वित्त वर्ष में रेपो दर में एक बार और कटौती संभव है।

आरबीआई ने इस साल लगातार तीन बार में रेपो दर में कुल एक प्रतिशत कटौती के बाद आज जारी मौद्रिक नीति बयान में इसे स्थिर रखने की घोषणा की। उसने बताया कि घरेलू अर्थव्यवस्था में मजबूती बनी हुई है, लेकिन बाहरी कारकों के कारण जोखिम बना हुआ है।

क्रेडिट रेटिंग एजेंसी क्रिसिल की मुख्य अर्थशास्त्री दीप्ति देशपांडे ने कहा, “हम चालू वित्त वर्ष में रेपो दर में एक और कटौती की उम्मीद करते हैं। सौम्य मुद्रास्फीति का परिदृश्य और अर्थव्यवस्था पर अमेरिकी आयात शुल्क का जोखिम प्रमुख कारक होंगे।”

केयरएज रेटिंग्स की मुख्य अर्थशास्त्री रजनी सिन्हा ने कहा, “आरबीआई का दरों को अपरिवर्तित रखने का निर्णय हमारी अपेक्षाओं के अनुरूप था। इसके अलावा, बेहतर मानसून, कम मुद्रास्फीति और कम आयकर बोझ जैसे कारक इस वर्ष विकास के लिए सहायक होंगे।”

टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद बनाने वाली कंपनियों का मानना है कि ग्राहकों के लिए अब भी ऋण की लगात कम है जिससे माँग में तेजी बनी हुई है। सराफ फर्नीचर के संस्थापक और सीईओ रघुनंदन सराफ ने कहा, “स्थिर रेपो दर लागू होने के साथ, अब समय आ गया है और यह एक संतुलित गति से होगा। उपभोक्ता अभी भी खर्च करते समय बहुत सतर्क हैं। हालाँकि, चूँकि वित्तपोषण अभी भी ग्राहकों के लिए किफायती बना हुआ है, इसलिए हम इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू उपकरणों और आवश्यक वस्तुओं जैसी श्रेणियों में निरंतर मांग में तेजी देख सकते हैं।”

रोजमूर की निदेशक रिधिमा कंसल ने कहा, “अगर आरबीआई स्थिर मौद्रिक नीति के रास्ते पर चलता रहा तो भारत की डिजिटल दुकानों के लिए अच्छा समय होगा। व्यक्तिगत उधार सस्ता बना रहेगा, इसलिए ई-कॉमर्स प्लेटफ़ॉर्म की वेबसाइटों पर आने वाले खरीदारों के पास नई चीजें खरीदने के कारण और प्रोत्साहन होंगे क्योंकि ईएमआई और ऋण-जनित बिक्री गैर-खरीदारों को भी अपने साथ जोड़ रही है।”

 

Next Post

मरीज से मिलने आए युवक पर चोरी का आरोप, बेदम पिटाई

Thu Aug 7 , 2025
सतना: जिला अस्पताल परिसर में एक ग्रामीण युवक पर चोरी का आरोप लगाकर दो युवकों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। युवक अपने बीमार परिजन से मिलने आया था, लेकिन शक के आधार पर उसे पकड़ लिया गया। पहले उसे लात-घूंसों से मारा गया, फिर लाठियों से जानवरों की तरह […]

You May Like