निजी क्षेत्र में पेंशन बढ़ोतरी की मांग को लेकर सांसदों ने किया प्रदर्शन

नयी दिल्ली, 06 अगस्त (वार्ता) निजी क्षेत्र के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की न्यूनतम पेंशन में बढ़ोतरी की लम्बे समय से चल रही मांग के समर्थन में विभिन्न दलों के सांसदों ने बुधवार को संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया।

महाराष्ट्र के जालना से सांसद कल्याण काले की अगुवाई में संसद भवन परिसर में आज ईपीएस-95 में वृद्धि की मांग के समर्थन में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में सांसद नामदेव किरसान, रविंद्र चौहान, श्याम कुमार बर्वे, प्रशांत पाडोले, वर्षा गायकवाड, गोपाल पडावी, डॉ शिवाजी कालगे, ओम राज निंबालकर, प्रणीति शिंदे, प्रतिभा धानोकर, शोभा बच्छाव आदि कई पार्टियों के सांसद शामिल हुये।

सदस्यों ने निजी क्षेत्र में पेंशन वृद्धि और पेंशनभोगियों को न्याय दिलाने की मांग वाली तख्तियां और बैनर लेकर प्रदर्शन किया तथा नारे लगाये।

देशभर में निजी क्षेत्र के कर्मचारी ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति के बैनर तले पेंशन बढ़ाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं और समिति द्वारा यहां 4-5 अगस्त को जंतर-मंतर पर किए जा रहे विरोध प्रदर्शन में भी 25 से अधिक संसद शामिल हुए थे। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमांडर अशोक राउत ने बताया कि आगामी दिनों में अन्य विपक्षी दलों के सांसद भी ऐसे ही प्रदर्शन कर सरकार पर दवाब बनायेंगे, ताकि ईपीएस 95 न्यूनतम पेंशन 7500 रुपये महीना, महंगाई भत्ता और मुफ्त चिकित्सा सुविधा की मांग जल्द से जल्द पूरी हो सके।

 

 

Next Post

खंडहर में बना रहे थे डकैती की योजना, 7 बदमाश गिरफ्तार

Wed Aug 6 , 2025
रतलाम। फोरलेन रोड सरवड़ के पास खंडहर में पेट्रोल पंप लूट की योजना बना रहे सात बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। इनके पास से देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, धारदार हथियार, मिर्ची पाउडर, शराब की बोतलें और बिना नंबर की इको कार जब्त की गई। सभी आरोपी धार […]

You May Like

Play sound