भोपाल: मध्यप्रदेश में पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में कथित घोटाले को लेकर कांग्रेस ने विधानसभा परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने पुलिस की प्रतीकात्मक वर्दी पहनकर विरोध जताया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सिंघार ने इस भर्ती घोटाले की तुलना व्यापम घोटाले से करते हुए इसे व्यापम पार्ट-2 करार दिया। उन्होंने मांग की कि इस प्रकरण की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराई जाए और दोषियों को सख्त सजा मिले। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार खुद इस भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रही है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
