केरल में 43,000 परिवारों को प्राथमिकता वाले राशन कार्ड मिलेंगे

तिरुवनंतपुरम, 06 अगस्त (वार्ता) केरल सरकार 43,000 परिवारों को प्राथमिकता वाले राशन कार्ड प्रदान करेगी।

राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री जी.आर. अनिल ने बुधवार को यहाँ राज्य स्तरीय वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए यह जानकारी दी।

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अनुसार और बदलती सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों के अनुरूप राज्य सरकार ने प्राथमिकता सूची को अद्यतन किया है।

इस संशोधित सूची के तहत, 43,000 परिवारों को प्राथमिकता वाले राशन कार्ड जारी किए जाएंगे। ओणम को समृद्ध बनाने के लिए, केरल सरकार ने विशेष खाद्य वितरण योजनाओं की भी घोषणा की है।

उन्होंने बताया कि अगस्त में ओणम विशेष चावल 10.90 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से वितरित किया जाएगा। वहीं, पीएचएच (गुलाबी) कार्ड श्रेणी को उनके मौजूदा कोटे के अतिरिक्त पांच किलोग्राम चावल मिलेगा। एनपीएस (नीला) कार्ड श्रेणी को अतिरिक्त 10 किलोग्राम और एनपीएनएस (सफेद) कार्ड श्रेणी को कुल 15 किलोग्राम चावल मिलेगा।

एएवाई (पीला) कार्ड धारकों को एक किलो चीनी के साथ मुफ़्त खाद्यान्न किट दी जाएगी। साथ ही सभी राशन कार्ड धारकों को केरोसिन भी वितरित किया जाएगा।

 

Next Post

मिलावटी खाद्य पदार्थ जांचने कई दुकानों से लिए नमूने

Wed Aug 6 , 2025
भोपाल। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए सख्त कदम उठाए हैं. मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों से दूध, दही, घी, तेल, मावा, मिठाइयों सहित अन्य खाद्य वस्तुओं के नमूने लिए गए. खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि जिन संस्थानों में गंदगी, अस्वच्छता या फूड […]

You May Like

Play sound