मुंबई, 05 अगस्त (वार्ता) जियो ब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट ने मंगलवार को न्यू फंड ऑफरिंग (एनएफओ) के तहत पाँच इंडेक्स फंड (सूचकांक आधारित फंड) शुरू किये।
कंपनी ने बताया कि ये नये फंड हैं – जियोब्लैकरॉक निफ्टी-50 इंडेक्स फंड, जियोब्लैकरॉक निफ्टी नेक्सट-50 इंडेक्स फंड, जियोब्लैकरॉक निफ्टी मिडकैप-150 इंडेक्स फंड, जियोब्लैकरॉक निफ्टी स्मॉलकैप-250 इंडेक्स फंड और जियोब्लैकरॉक निफ्टी 8-13 वर्षीय जी-सेक इंडेक्स फंड।
एनएफओ 05 अगस्त से शुरू होकर 12 अगस्त तक चलेगी। जियो ब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट एक संयुक्त उद्यम कंपनी है जिसमें जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड और ब्लैकरॉक की हिस्सेदारी है।
जियो ब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिड स्वामीनाथन ने कहा, “यह एनएफओ देश के लोगों के लिए एक निमंत्रण है कि वे हमारे डिजिटल-फर्स्ट और डेटा-संचालित ऑफर का लाभ उठाएं। इंडेक्स फंड में ब्लैकरॉक को कई दशकों का अनुभव है। भारत में निवेश को हर किसी तक पहुंचाने के लिए हम सभी नये और पुराने निवेशकों के लिए कई शैक्षिक पहलों की एक श्रृंखला भी शुरू कर रहे हैं।”
जियो ब्लैकरॉक ने म्यूचुअल फंड बाजार में अपनी स्थिती मजबूत करते हुये 30 जून को तीन डेट फंड लॉन्च किए थे। कंपनी ने इन तीन फंड्स के एनएफओ में रिकॉर्ड 17,500 करोड़ रुपये जुटाये थे। जियो ने म्यूचुअल फंड मार्केट में अब तक आठ फंड उतारे हैं। जियोब्लैकरॉक के इंडेक्स फंड जियोफाइनेंस ऐप के साथ प्रमुख डिजिटल फाइनेंस प्लेटफॉर्म्स पर निवेश के लिए उपलब्ध हैं, जिनमें ग्रो, जीरोधा, पेटीएम, इंडमनी, धन, कुवेरा और अन्य सेबी पंजीकृत निवेश सलाहकार शामिल हैं।

