मुंबई, 04 अगस्त (वार्ता) बैंकों के डॉलर खरीदने से अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में सोमवार को रुपया 47.50 पैसे कमजोर हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 87.66 रुपये का बोला गया।
पिछले सप्ताह के अंत में लगातार दो दिन मजबूत होने के बाद रुपये में गिरावट आयी है। भारतीय मुद्रा गत शुक्रवार को 87.1850 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।
रुपये पर आज शुरू से ही दबाव रहा। यह 2.50 पैसे नीचे 87.21 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और इसके बाद लगातार लुढ़कता हुआ 87.7250 रुपये प्रति डॉलर पर पहुँच गया। कारोबार की समाप्ति पर यह 87.66 रुपये डॉलर पर रहा।
निजी और सरकारी बैंकों की तरफ से डॉलर की माँग आने से रुपया कमजोर हुआ है। वहीं, विदेशी संस्थागत निवेशकों के भारतीय पूँजी बाजार में निवेश बढ़ाने और दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के कमजोर रहने से भी रुपये को बल मिला।
