भारत से अमेरिका के लिए एयर टिकट की बुकिंग अचानक बढ़ी

नयी दिल्ली, 20 सितंबर (वार्ता) अमेरिका द्वारा एच-1बी वीजा के शुल्क में अचानक कई गुणा वृद्धि के बाद भारत से अमेरिका के लिए तत्काल यात्रा के लिए टिकट बुकिंग शनिवार को अचानक बढ़ गयी है, जिससे किराये में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है।

ऑनलाइन टूर एंड ट्रैवल कंपनी मेकमाईट्रिप के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, “अमेरिका के लिए अंतिम क्षणों में करायी जाने वाली बुकिंग में आज सुबह उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। लंबी दूरी के मार्गों पर उसी दिन या अगले दिन की यात्रा के लिए इस तरह से बुकिंग बढ़ना असामान्य है।”

उल्लेखनीय है कि अमेरिका द्वारा शुल्क बढ़ाकर एक लाख डॉलर करने के बाद अमेजन और माइक्रोसॉफ्ट समेत कुछ कंपनियों ने एच-1बी वीजा पर अमेरिका में काम करने वाले अपने ऐसे कर्मचारियों को तत्काल देश लौटने के लिए कहा है, जो इस समय किसी दूसरे देश में हैं। इस कारण टिकट की बुकिंग बढ़ी है।

मांग बढ़ने से भारत से अमेरिका का किराया भी 50 प्रतिशत तक बढ़ गया है। आम तौर पर इस समय किराया 35 से 40 हजार रुपये के बीच होता है, लेकिन 20 और 21 सितंबर की यात्रा के लिए एयर इंडिया का किराया 55 हजार से 60 हजार रुपये के बीच है। अमेजन और माइक्रोसॉफ्ट ने अमेरिका में मौजूद अपने एच-1बी वीजा धारक कर्मचारियों को फिलहाल देश से बाहर जाने से मना कर दिया है।

बढ़ा हुआ वीजा शुल्क 21 सितंबर से लागू हो रहा है। पहले लॉटरी में प्रवेश के लिए 215 डॉलर और लॉटरी में नाम आने पर नियोक्ता द्वारा आई-129 फॉर्म भरने के लिए 780 डॉलर का शुल्क लगता था। इसके अलावा कंपनी के आकार और कर्मचारियों की संख्या के अनुसार वीजा शुल्क लगता था। आम तौर पर कुल शुल्क 1,500 डॉलर के आसपास होता था। अब वीजा शुल्क बढ़ाकर एक लाख डॉलर कर दिया गया है।

 

 

Next Post

टिकटॉक के लिए अमेरिका-चीन में समझौता, अगले साल चीन जाएंगे ट्रम्प

Sat Sep 20 , 2025
वाशिंगटन, 20 सितंबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ फोन पर बात की जिसमें दोनों के बीच टिकटॉक को लेकर समझौता, द्विपक्षीय व्यापार तथा कई अन्य मुद्दों पर सहमति बनी। श्री ट्रम्प ने सोशल मीडिया ट्रुथ पर इस वार्ता को […]

You May Like