
अशोकनगर। जिले के राजपुर इलाके में वनभूमि से मुरम का अवैध खनन कर उसका परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर ट्रॉली को वन अमले ने जब्त किया है। जिसे वन विभाग के अशोकनगर स्थित डिपो में रखा गया है। राजपुर क्षेत्र में वन अमले द्वारा पहली बार किसी वाहन को जब्त करने की कार्रवाई की गई है।
डिप्टी रेंजर अरविंद सिंह राजपूत ने बताया कि सूचना मिली थी कि राजपुर वन क्षेत्र में जहां विभाग द्वारा पौधारोपण किया गया था, वहां से मुरम का अवैध खनन किया जा रहा है। जैसे ही इसकी जानकारी मिली तो रेंजर ऋषि प्रजापति ने वन अमले को मौके पर भेजा। मौके पर एक बिना नंबर का ट्रैक्टर ट्रॉली मुरम का अवैध परिवहन करते पाया गया, जिसके चालक ने वन अमले को देख वाहन को भगाकर के जाने की कोशिश की। अमले ने घेराबंदी का ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़े। इसके बाद वाहन जब्ती की कार्रवाई की गई है। ट्रैक्टर ट्रॉली पर नंबर नहीं है, इसे रामकुमार यादव निवासी राजपुर नामक व्यक्ति चला रहा था। ट्रैक्टर किसका है, इसकी जानकारी के लिए जिला परिवहन अधिकारी को पत्र लिखा गया है। इस कार्रवाई में वनपाल पीके प्रजापति, राजीव रघुवंशी एवं वन रक्षक रामकुमार शर्मा, अनिल रघुवंशी, कृष्णपाल यादव, शैलेन्द्र यादव और गौरव नामदेव शामिल रहे।
