मुरैना 04 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के स्टेशन थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते सोमवार को दो पक्षों के बीच लाठी डंडे चलने और जमकर गोलीबारी से एक महिला गंभीर रुप से घायल हो गयी।
घायल महिला को उपचार के लिए मुरैना के जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे चिकित्सकों ने ग्वालियर के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना स्टेशन थाना क्षेत्र के छोटी लालौर गांव के समीप की बताई गई है।
पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर गांव के दो पक्षों के बीच एक लंबे समय से विवाद चल रहा था। आज दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए ओर एक पक्ष की तरफ से पत्थर बरसाए गए जबकि दूसरे पक्ष की ओर से जमकर गोली बारी की जिससे एक महिला के बीच में आ जाने से उसे गोली लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है।गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

