
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में उनके निवास स्थित समत्व भवन में दो अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। यह पहल राज्य के सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
पहला त्रिपक्षीय समझौता जनअभियान परिषद, दीनदयाल शोध संस्थान एवं राज्य आनंद संस्थान के मध्य हुआ। इस समझौते का उद्देश्य प्रदेश में आनंद ग्रामों का विकास करना और सतत् विकास लक्ष्य (SDG) आधारित ग्राम विकास की अवधारणा को साझा समन्वय से धरातल पर उतारना है।
दूसरा समझौता जनअभियान परिषद और नर्मदा समग्र, भोपाल के बीच हुआ। यह द्विपक्षीय एमओयू प्रदेश में नदी संरक्षण के विविध पहलुओं पर आधारित है। इसके तहत मनःस्थिति (सोच) और परिस्थिति (पर्यावरणीय स्थिति) में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए संयुक्त प्रयास किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर दोनों समझौतों को जनसहभागिता के माध्यम से विकास और पर्यावरण संरक्षण का सशक्त माध्यम बताया।
