
भोपाल। सीएम डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के मामले में न्यायालय के फैसले ने दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है। यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस द्वारा गढ़ा गया भगवा आतंकवाद का नाटक झूठा और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित था। अदालत के इस निर्णय से साबित हो गया कि हिंदू कभी आतंकवादी नहीं हो सकता।
इस मुद्दे पर कांग्रेस और खासकर राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे देश के तीन प्रमुख लोकतांत्रिक स्तंभों न्यायपालिका, चुनाव आयोग और सेना पर बार-बार हमला कर लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट से कई बार फटकार और माफी के बावजूद राहुल गांधी अदालतों पर विश्वास नहीं जताते हैं।
साथ ही यह भी आरोप लगा कि जब भी भारतीय सेना ने दुश्मनों को करारा जवाब दिया, राहुल गांधी ने सेना की सराहना करने के बजाय विरोधी देशों की भाषा बोली। यही कारण है कि आज कांग्रेस का जनाधार तेजी से खत्म हो रहा है।
सीएम आज गुना और शिवपुरी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर जाने से पहले मीडिया से चर्चा कर रहे थे, उन्होंने राहुल गांधी को सलाह दी कि वे नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा बनाए रखें और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे उदाहरण से सीख लें, जिन्होंने विपक्ष की भूमिका को भी राष्ट्रीय हित में निभाया। विपक्ष में रहकर लोकतंत्र की रक्षा करना चाहिए, न कि उसकी जड़ों को कमजोर करना।
