रायसेन:शहर की फोरलेन और मुख्य सड़कों पर गड्ढों की भरमार से वाहन चालकों का हर सफर चुनौतीपूर्ण और जोखिमभरा हो गया है। फोरलेन सड़कें अब गड्ढों से पट चुकी हैं, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला अस्पताल से लेकर टोल नाका खरगावली तक सड़क पर जगह-जगह उखड़ा डामर और बिखरी गिट्टियां जानलेवा साबित हो रही हैं।
सांची रोड, गोपालपुर, इंडियन चौराहा, मंडी मोड़, दरगाह शरीफ और स्टेट हाईवे सहित शहर के व्यस्ततम मार्गों पर 2 से 3 किलोमीटर के दायरे में करीब 500 गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिनकी गहराई 2 से 3 फीट तक है। एक्सीलेंस कॉलेज, पाटनदेव, शासकीय स्कूलों के पास की सड़कें भी पूरी तरह टूट चुकी हैं।
बाईपास, रायसेन-भोपाल रोड व विदिशा मार्ग की स्थिति और भी बदतर है।एंबुलेंस चालकों ने पीडब्ल्यूडी और जिला प्रशासन से शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सड़कें सुधारने के वादे हर बार की तरह फिर सिर्फ आश्वासन साबित हो रहे हैं।
