सिंगरौली:जिले में इन दिनों डायरिया, मस्तिष्क ज्वर और सर्दी-जुकाम जैसी जलजनित और मौसमी बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बेड की भारी कमी के कारण कई मरीजों को फर्श पर लेटाकर इलाज करना पड़ रहा है। सुबह जैसे ही पर्ची वितरण शुरू होता है, सैकड़ों मरीज लाइन में लग जाते हैं, जबकि डॉक्टरों के पास पर्याप्त समय नहीं होता।
अधिकांश मरीजों को बिना जांच के ही दवाएं दी जा रही हैं।मौसम परिवर्तन के कारण संक्रमण तेजी से फैल रहा है, खासकर छोटे बच्चे इसकी चपेट में आ रहे हैं। सरकारी अस्पताल के साथ-साथ निजी क्लीनिकों में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है।साफ-सफाई की स्थिति भी चिंताजनक है। ट्रामा सेंटर की दूसरी और तीसरी मंजिल में गंदगी फैली हुई है, शौचालयों की हालत बदतर है। संविदा सफाईकर्मी केवल नाम के लिए मौजूद हैं। मरीज जहां इलाज के लिए आए हैं, वहीं गंदगी से नई बीमारियां फैल रही हैं। परिजनों की शिकायत है कि डॉक्टर सुबह एक बार ही दिखते हैं, बाकी समय मरीज नर्सिंग स्टाफ के भरोसे हैं।
