सीहोर/जावर: रविवार को स्टेट हाईवे स्थित ग्राम अरनिया गाजी के जोड़ पर उस वक्त बड़ा हादसा घटित हो गया जब सवारियों को उतार रही बस में पीछे से आ रही चाटर्ड बस ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि बस पलट गई और उसमें फंसे यात्रियों में चीख- पुकार मच गई. ग्रामीणों ने तत्परता से बस के कांच फोड़ते हुए यात्रियों को बाहर निकाला. इस हादसे में डेढ़ दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है.
जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह लगभग 10.15 बजे इंदौर से भोपाल की ओर जा रही बस क्रमांक एमपी 41 पी 161 से डोडी के समीप सवारी उतर रही थी.बताया जाता है कि उसी समय नाथद्वारा से भोपाल जा रही चाटर्ड बस क्रमांक एमपी 09 एएम 6115 के चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया और बेकाबू चाटर्ड सड़क किनारे खड़ी बस से पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि हादसे के बाद बस पलट गई. इसके अलावा उसी वक्त साइड से निकल रहे ट्रॉले में भी चाटर्ड बस ने जोरदार टक्कर मार दी. इससे ट्रॉला अलग अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर पर चढ़कर सड़क के दूसरी तरफ चला गया. गनीमत थी कि उस वक्त दूसरी तरफ कोई वाहन नहीं आ रहा था वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था.
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने दिखाई सक्रियता
चाटर्ड की टक्कर से पलटी बस में 25 से ज्यादा यात्री सवार थे. मौके पर मौजूद ग्रामीणों एवं राहगीरों ने तत्परता बरती और बस के ऊपर चढ़कर कांच फोड़ते हुए यात्रियों को बाहर निकाला. इसमें संगीताबाई, नेहा, कृति, रवीना, धनपाल, तमनन्ना, नंदनी, संजू, अनिता, चंदन, पीयूष पटेल, प्रिंस, लक्की, टीना, तरूण आदि को मामूली चोट आई है. जबकि रेहटी निवासी मिथलेश पिता जगदीश को पैर में गंभीर चोट आने पर उपचार के लिए आष्टा सिविल अस्पताल लाना पड़ा.
पलटी बस में रखे थे गांजे से भरे बैग, पुलिस ने किए जब्त
इस हादसे के दौरानजो बस पलटी उसमें से यात्री अपने बैग निकालरहे थे. कुछ बैग पर शंका होने पर पुलिस ने चैक किया तो वह दंग रह गए. करीब पांच बैग में गांजा रखा हुआ मिला. हालांकि गांजा कितना था और कौन लेकर बस में सवार हुआ था. शाम तक तस्वीर साफ नहीं हो सकी थी. इतना जरूर है कि गांजा मिलने से एक बात साफ हो गई है कि सवारी बसों से मादक पदार्थों की तस्करी हो रही है. हालांकि पुलिस एनडीपीएस के तहत प्रकरण कायम कर मामले की जांच में जुटी है. जांच के बाद पता चल सकेगा कि इन बैगों को लेकर कौन यात्री बस में चढ़े थे.
क्रेन की मदद से बस को किया सीधा
हादसे की जानकारी मिलने के बाद एसडीओपी आकाश अमलकर जावर थाना प्रभारी नीता देअरवाल मौके पर पहुंचे और क्रेन बुलाकर बस को सीधा कराया गया. हादसे के बाद चाटर्ड का चालक फरार हो गया. हालांकि इस बस में सवार किसी यात्री को चोट नहीं आई है. हादसे के कारण हाईवे की सड़क पर भीड़ रही. काफी देर तक ट्रैफिक जाम रहने से आने-जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा. पुलिस ने भीड़ को अलग किया, तब कहीं ट्रैफिक सुचारू रूप से चालू हो सका.
