बलूचिस्तान में यात्री बस पर हमला, तीन लोगों की मौत, 07 घायल

कलात (वार्ता) पाकिस्तान के दक्षिण -पश्चिम में स्थित बलूचिस्तान प्रांत के कलात में एक चेकपोस्ट के पास कराची से क्वेटा जा रही एक यात्री बस पर अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई गोलीबारी में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

जियो न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार इस अशांत प्रांत में एक सप्ताह से भी कम समय में यह दूसरा ऐसा हमला है, जहां आतंकवादी हमलों में कई लोगों की मौत हो चुकी है।

यह हमला उस समय हुआ जब बस कलात जिले के पास नेमर्ग क्रॉस के पास पहुंची। रिपोर्टों के अनुसार पास के पहाड़ों की चोटी पर इंतज़ार कर रहे हमलावरों ने पहले गोलीबारी की और फिर वाहन पर हथगोले फेंके।

इस मार्ग पर चलने वाले वाहनों में लगभग 40 से 50 यात्री सवार होते हैं। हालांकि, लक्षित बस में सवार यात्रियों की सही संख्या अभी अज्ञात है।

बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां, ज़िला अधिकारी और बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। घायलों को कलात डीएचक्यू अस्पताल ले जाया गया, जहां आपातकाल घोषित कर दिया गया है।

श्री रिंद ने बताया कि सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। उन्होंने आगे कहा कि हमलावर अभी भी फरार हैं। उन्होंने आगे कहा “ शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि हमलावर हमला करने की फिराक में थे। उन्होंने सड़क को दोनों तरफ से बंद कर दिया था।”

इस बीच, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस आतंकवादी घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह घटना फितना अल हिंदुस्तान (बलूचिस्तान में आतंकवादी संगठनों के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला शब्द) द्वारा अंजाम दी गई है।

प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने का भी निर्देश दिया।

Next Post

दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो फ्लाइट को आपातस्थिति में मुंबई में उतारा गया

Thu Jul 17 , 2025
नई दिल्ली (वार्ता) राजधानी दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई 6271 को बुधवार को तकनीकी गड़बड़ी के चलते आपातस्थिति में मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया। एयरलाइंस के प्रवक्ता की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार आज दिल्ली से गोवा […]

You May Like