देवास: ढांचा भवन क्षेत्र में शनिवार सुबह दो मासूम बच्चों की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे में सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि बच्चों की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि मां के प्रेमी ने ही की थी।जानकारी के अनुसार, मृतक 7 वर्षीय हेमंत और 3 वर्षीय निशा पिता विष्णु कटारा, मूलतः जिला भिंड के निवासी थे। बच्चों की मां प्रिया यादव वर्तमान में पीथमपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत थी और पति से अलग रह रही थी। पीथमपुर में ही उसकी मुलाकात ट्रक ड्राइवर लोकेंद्र मालवीय से हुई थी, जिसके साथ उसके प्रेम संबंध बन गए। करीब डेढ़ माह पूर्व प्रिया अपने दोनों बच्चों के साथ देवास आकर ढांचा भवन क्षेत्र में किराए से रहने लगी थी।
घटना वाली रात पास ही रहने वाले राकेश के बेटे का जन्मदिन था। पार्टी में शामिल होने के बाद लोकेंद्र प्रिया के कमरे में रुका। देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद प्रिया पड़ोस में चली गई। इस दौरान आरोपी लोकेंद्र कमरे में बच्चों के साथ अकेला रहा और इसी बीच उसने तकिए से मुंह दबाकर दोनों मासूमों की हत्या कर दी। इसके बाद वह शवों को कंबल से ढककर मौके से चला गया।
सुबह जब प्रिया ने बच्चों को जगाने की कोशिश की तो वे मृत अवस्था में पाए गए। तुरंत उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्चों को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में दम घुटने या फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दिशा बदली।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोद ने बताया कि फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर लोकेंद्र मालवीय को हिरासत में लिया गया और पूछताछ की गई। पहले तो आरोपी गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की गहराई से जांच जारी है।
