
गुना। हालिया बाढ़ से तबाह गुना जिले के क्षेत्रों का दौरा कर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने पीड़ितों की हालत पर चिंता जताई। उनके साथ राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह, बमोरी विधायक ऋषि अग्रवाल व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ भी थे। न्यू सिटी कॉलोनी समेत अन्य इलाकों में पटवारी ने पीड़ितों से मिलकर समस्याएं सुनीं और प्रशासन को 8 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा अगर तय समय में मुआवजा नहीं मिला तो मैं इतिहास का सबसे बड़ा चक्काजाम करूंगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि गोपालपुरा बांध से पानी छोड़ने से पहले जनता को सतर्क नहीं किया गया, जिससे जान-माल का नुकसान हुआ। सर्वे में खामियों और सरकारी उदासीनता पर भी सवाल उठाए। बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रशासन पर नाराजगी जताई। जयवर्धन सिंह ने कहा कि किसानों को फसल बीमा का लाभ नहीं मिला और न सांसद आए न विधायक। पटवारी ने सिंधिया पर तंज कसते हुए कहा, जनता 2029 में वैसा ही जवाब देगी जैसा 2019 में दिया था।कांग्रेस ने इसे जनहित की लड़ाई बताया।
