इज़रायल ने दक्षिणी लेबनान में हिज़्बुल्लाह के हथियार उत्पादन केंद्रों को बनाया निशाना

बेरूत/यरूशलम, 01 अगस्त (वार्ता) इज़रायल के युद्धक विमानों ने गुरुवार को पूर्वी और दक्षिणी लेबनान के कई इलाकों में लेबनानी समूह हिज़्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाकर गहन हवाई हमले किए। लेबनान के आधिकारिक मीडिया और एक सैन्य सूत्र ने यह जानकारी दी।

लेबनान की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी के अनुसार इज़रायल के हवाई हमलों की एक श्रृंखला ने “पूर्वी लेबनान के बेका क्षेत्र में पूर्वी पर्वत श्रृंखला और दक्षिणी लेबनान के भीतरी इलाकों में विस्तृत क्षेत्रों को निशाना बनाया।”

लेबनानी सेना की खुफिया एजेंसी के एक सूत्र ने बताया कि इजरायल के युद्धक विमानों ने पूरे क्षेत्र में आधे घंटे से भी कम समय में 18 हवाई हमले किए, जिनमें हिज़्बुल्लाह के उन ठिकानों को निशाना बनाया गया जो पिछले हमलों में नष्ट हो चुके थे।

इस बीच एक बयान में इजरायल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने कहा कि उसकी वायु सेना ने बेका घाटी, पूर्वी लेबनान और दक्षिणी लेबनान में रणनीतिक हथियार उत्पादन और भंडारण स्थलों पर हमला किया।

बयान में कहा गया है, “जिन लक्ष्यों को निशाना बनाया गया उनमें विस्फोटक निर्माण स्थल शामिल थे, जिनका उपयोग हिजबुल्लाह के हथियार विकसित करने के लिए किया जाता था, साथ ही रणनीतिक हथियारों के उत्पादन और भंडारण के लिए एक भूमिगत स्थल भी शामिल है।”

इसने दावा किया कि हिज़्बुल्लाह ने इन ठिकानों और क्षमताओं का पुनर्वास करने की कोशिश की, जो इज़रायल और लेबनान के बीच हुए समझौतों का उल्लंघन है।

इजरायल के रक्षा मंत्री इज़राइल काट्ज़ ने एक अलग बयान में कहा कि हवाई हमलों का एक निशाना लेबनान में हिज़्बुल्लाह का सबसे बड़ा सटीक मिसाइल उत्पादन स्थल था।

 

 

Next Post

मंडी में बस के खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत, नौ घायल

Fri Aug 1 , 2025
मंडी, 01 अगस्त (वार्ता) हिमाचल प्रदेश में मंडी जिले के बाहु-चैलचौक-जहल मार्ग पर टूना के पास गुरुवार शाम एक निजी बस के गहरी खाई में गिर जाने से 44 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना काशावारी के पास उस समय हुई […]

You May Like

मनोरंजन