
इंदौर. शहर और आसपास के थाना क्षेत्रों से चार अलग-अलग नाबालिग लड़कियों के लापता होने की शिकायतें पुलिस थानों में दर्ज हुईं. चारों मामलों में परिजनों ने आशंका जताई है कि उनकी बेटियों को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. चारों ही मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरु की.
पहला मामला खजराना थाना क्षेत्र के राजीव नगर से सामने आया, जहां मोहम्मद आरिफ की बेटी अचानक घर से बिना बताए चली गई. दूसरा मामला भी खजराना क्षेत्र की ही ओमेक्स कॉलोनी की रहने वाली कुसुम चौहान ने दर्ज कराया है. उनकी बेटी भी सुबह से लापता है और परिजन को अपहरण की आशंका है. तीसरी शिकायत परदेशीपुरा थाना क्षेत्र से आई, जहां न्यू श्यामाचरण शुक्ल नगर निवासी आरती सल्लाम की नाबालिग बेटी को किसी अज्ञात ने बहला-फुसलाकर ले जाने की बात कही गई है. वहीं, चौथा मामला क्षिप्रा थाना क्षेत्र के ग्राम बुढ़ी बरलाई से सामने आया, जहां सपना मकासरे की बेटी के लापता होने पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई. चारों मामलों में संबंधित थानों की पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ करण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
