नयी दिल्ली, 31 जुलाई (वार्ता) ट्रैवल कंपनी थॉमस कुक इंडिया को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में परिचालन से 2,453 करोड़ रुपये की आय हुई जो पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही के 2,134.3 करोड़ रुपये की तुलना में 15 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी ने बताया कि पहली तिमाही में उसका कर पूर्व लाभ 18 प्रतिशत बढ़कर 109.1 करोड़ रुपये हो गया। भू-राजनैतिक चुनौतियों के बावजूद पहली तिमाही में ट्रैवल सेवा से उसका राजस्व 18 प्रतिशत बढ़कर 1,682.1 करोड़ रुपये पर पहुँच गया। लीजर आतिथ्य से प्राप्त राजस्व आठ प्रतिशत बढ़कर 125.7 करोड़ रुपये हो गया।
थॉमस कुक इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेश अय्यर ने परिणामों को बेहतरीन बताते हुए कहा कि आने वाले समय में समूह प्रौद्योगिकी और बेहतर ग्राहक अनुभव पर फोकस जारी रखेगा। उन्होंने कहा, “अनिश्चित बाह्य कारकों और यात्रियों की धारणा को प्रभावित करने की इसकी क्षमता के कारण त्योहारी सीजन के लिए हम सतर्कता के साथ आशावान हैं।”
