बारिश ने और गहरे किए सडक़ों के जख्म, सिविल अस्पताल रोड, इंदौर नाका पुल उखड़े

ब्यावरा: पूर्व से ही बदहाल सडक़, पुल की हालत बारिश ने और भी बद्तर कर दी है. बारिश थमते ही पानी के प्रहार से सडक़ो पर हुए हुए गहरे जख्म देखे जा सकते है. पुल एवं सडक़े बुरी तरह उखड़ चुके है. विशालकाय गड्ढे एवं गिट्टी बिखरी हुई दिखाई दे रही है, इन हालातों ने राहगीरों एवं वाहन चालको की परेशानी को दोगुना कर दिया है.
विदित है कि बीते चार-पांच दिनों से हो रही अनवरत बारिश के चलते मंगलवार को नगर में बाढ़ के हालात निर्मित हो गये. सिविल अस्पताल रोड पुल, इंदौर नाका का पुराना पुल पर पानी आ गया. राजगढ़ रोड पुल भी जलमग्न हो गया. पानी में डूबे होने से सडक़ एवं पुल को काफी क्षति पहुंची. हालात यह है कि पुल पर से आवाजाही भी जोखिम भरा हो रहा है.
अस्पताल रोड पुल पर जोखिम
सर्वाधिक जोखिम भरा सफर सिविल अस्पताल रोड स्थित नदी पुल पर से आवाजाही में है. पुल पूरी तरह उखड़ चुका है. यहां काफी व्यस्त यातायात रहता है. दुपहिया वाहन चालक, पैदल राहगीर जैसे-तैसे जोखिम उठाकर पुल पार कर पा रहे है. खासकर दुपहिया वाहनों को लेकर काफी मुश्किल हो रही है जरा भी वाहन अनियंत्रित होने पर दुर्घटना का खतरा बना हुआ है.
सडक़ पर बिखरी गिट्टी
विगत दिवस पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा ठीक बारिश के समय आनन-फानन में गड्ढे एवं उखड़ी सडक़ पर पेंचवर्क का कार्य किया. किंतु कुछ दिन भी यह नहीं टिक पाया और यहां बिछाई गिट्टी सडक़ पर बिखरी हुई है, जिसके कारण दुपहिया वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे है.
सुठालिया बायपास के बुरे हाल
स्थानीय सुठालिया बायपास की दयनीय स्थिति खुद ब खुद मार्ग की दुर्दशा को बयां कर रही है. मार्ग उखड़ कर उस पर पानी भरा हुआ है जो किसी मिनी तालाब सा नजर आता है. नाली नहीं होने, पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बायपास मार्ग की अधिक दुर्दशा हुई है. करोड़ो की लागत का रोड आज बदहाल अवस्था में है.
कॉलोनियों में भरा बारिश का पानी
सुठालिया बायपास स्थित कॉलोनियों में भी निकासी नहीं होने से बारिश का पानी भर गया है. घुटने-घुटने पानी भरा जाने से रहवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. घरो से निकलना तक मुश्किल हो गया. पानी भरा होने से जीव जंतु का भी डर बना हुआ है.

Next Post

संसद भवन में CM डॉ यादव की गृह मंत्री अमित शाह से भेंट

Thu Jul 31 , 2025
भोपाल:मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को संसद भवन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच मध्यप्रदेश से जुड़े विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था, सहकारिता विस्तार और राज्य के लंबित केंद्रीय प्रकरणों को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। सीएम ने प्रदेश की […]

You May Like