भोपाल: मध्यप्रदेश विधानसभा में आज कांग्रेस विधायकों ने राज्य में बढ़ते नशे के कारोबार और माफिया के संरक्षण को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लिए कांग्रेस विधायकों ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो सरकार रोजगार नहीं दे सकती, वो इस माफिया को संरक्षण दे रही है। कांग्रेस ने ड्रग कारोबार और शरीफ मछली के परिवार को संरक्षण का भी आरोप लगाया।
कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री जी बताओ, MP में नशा कैसे छाया?, नशों से तैयार प्रदेश, भाजपा का यही संदेश, और चुनाव में वादा हर हाथ को काम, हकीकत में मिला नशे का जाम जैसे स्लोगनों के साथ विरोध दर्ज कराया।विधानसभा परिसर में इस अनोखे विरोध के दौरान कुछ नेताओं ने छोटी-छोटी पॉलिथीन में सफेद पाउडर (प्रतीकात्मक) दिखाकर राज्य में नशे के जाल की गंभीरता की ओर ध्यान खींचा। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार माफियाओं को खुली छूट देकर युवा पीढ़ी को बर्बादी की ओर धकेल रही है।
