इटारसी। नर्मदापुरम जिले के इटारसी क्षेत्र में मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर का विरोध लगातार तेज हो रहा है। पथरोटा क्षेत्र के ग्रामीणों ने भारी बिजली बिल की शिकायत करते हुए पथरोटा विद्युत सब स्टेशन पर प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर पुनः लगाए जाएं और बढ़े हुए बिल माफ किए जाएं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सात दिन में कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिल 3 से 4 गुना बढ़ गए हैं, जिससे आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कांग्रेस नगर अध्यक्ष मयूर जायसवाल ने भी बिजली विभाग पहुंचकर ग्रामीणों की समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी। असिस्टेंट इंजीनियर सतीश पटेल ने गड़बड़ी पाए जाने पर मीटर बदलने का आश्वासन दिया।
इस बीच, कंपनी ने 1 अगस्त को सोनासांवरी पंचायत भवन में आम सभा आयोजित करने की घोषणा की है, जिसमें उपमहाप्रबंधक व वरिष्ठ अधिकारी स्मार्ट मीटर के लाभ और भ्रांतियों पर चर्चा करेंगे। सभा में उपभोक्ताओं से संवाद कर उनकी शंकाओं का समाधान किया जाएगा।
