खंडवा:नर्मदानगर, ओंकारेश्वर. प्रदेश में हो रही लगातार बारिश से नर्मदा नदी का जल स्तर बढ़ रहा है. खंडवा जिले में पिछले चार दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच खंडवा में पांच इंच से अधिक वर्षा दर्ज की गई है. इसके बाद मंगलवार को दोपहर साढ़े तीन बजे ओंकारेश्वर डैम के गेटों की संख्या बढ़ाकर 14 कर दी गई. इससे पहले 9 गेट से पानी छोड़ा जा रहा था.
मंगलवार को क्षेत्र में लगातार बारिश होती रही. इससे नदी का जल स्तर लगातार बढ़ता रहा. पावर स्टेशन के बाढ़ नियंत्रण प्रकोष्ठ प्रभारी ने बताया कि मंगलवार को दोपहर 2 बजे से अपस्ट्रीम में स्थित इंदिरा सागर बांध के 12 गेट खोले. इन गेटों से लगभग 4236 क्यूमेक्स एवं पावर हाउस से 1840 क्यूमेक्स सहित कुल 6076 क्यूमेक्स पानी छोड़ा. इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को दोपहर 3.30 बजे से ओंकारेश्वर बाँध के 14 रेडियल गेटों से लगभग 4172 क्यूमेक्स एवं पावर हाउस से 1896 क्यूमेक्स सहित कुल 6068 क्यूमेक्स पानी छोड़ा. बाँध के डाउनस्ट्रीम में जनसामान्य की सुरक्षा की दृष्टि से ग्रामीणों को सूचित किया गया है कि नदी के किनारों से दूर रहें और आवश्यक सावधानी रखें.
इंदिरा सागर से पानी का डिस्चार्ज बढ़ाया
इंदिरा सागर पावर स्टेशन से आज दोपहर 2 बजे के बाद पानी का डिस्चार्ज बांध से बढ़ा दिया गया है आज 12 गेटों को डेढ़ मीटर की ऊंचाई तक कर दिया गया है जिससे पानी का डिस्चार्ज बांध से 4200 क्यू मैक्स जा रहा है एवं विद्युत गृह से उत्पादन कर 1840 क्यू मैक्स जा रहा है. करीब 6000 क्यूमेंकस पानी का डिस्चार्ज निचले स्तर पर जा रहा है, बांध का जलस्तर 259 मीटर पहुंच गया है. हंडिया तरफ से पानी की आवक करीब 6500 कयूमैक्स बनी हुई है.
