
सतना।विश्व भर में बाघों के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु प्रतिवर्ष 29 जुलाई को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर महाराजा मार्तण्ड सिंह जूदेव व्हाइट टाइगर सफारी एण्ड जू मुकुन्दपुर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इन आयोजनों का उद्देश्य बाघों के संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवास की रक्षा के महत्व को जनसामान्य तक पहुंचाना था।
महाराजा मार्तण्ड सिंह जूदेव व्हाइट टाइगर सफारी एण्ड जू मुकुंदपुर के संचालक ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत में स्कूल के विद्यार्थियों को जू और सफारी का भ्रमण कराया गया। भ्रमण उपरांत बच्चों ने निबंध, चित्रकला, पेंटिंग, क्विज टेस्ट और अन्य वन्यजीव आधारित खेल में भाग लिया। जू प्रबंधन द्वारा बाघों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए एक जन जागरुकता व्याख्यान भी प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा बाघों की जीवन शैली, आवास और घटते वनों के कारणों से संबंधित डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को संचालक जू रामेश्वर तेकाम द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के समापन में जू में कार्यरत फील्ड स्टाफ को रेनकोट, टॉर्च, शूज और अन्य सुरक्षा सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान जू डायरेक्टर रामेश्वर तेकाम, क्यूरेटर श्रीमती बीनू सिंह बघेल, कार्यवाहक उप वन क्षेत्रपाल रविशंकर यादव, वनरक्षक लोकेश दुबे, अभिषेक विश्वकर्मा, नितेंद्र आर्य एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहे।
