
छिंदवाड़ा।रक्षाबंधन के पावन अवसर पर इस बार जिला जेल में बंद भाई अपनी बहनों से राखी बंधवा सकेंगे. जेल प्रशासन ने इस पर्व को लेकर विशेष व्यवस्था की घोषणा की है.जिला जेल अधीक्षक प्रतीक कुमार जैन ने बताया कि 9 अगस्त को रक्षाबंधन पर प्रात: 8:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशेष मुलाकात की अनुमति दी जाएगी.
निर्देशों के अनुसार केवल बहनें अपने बंदी भाई से और भाई अपनी बंदी बहन से मुलाकात कर सकेंगे. उनके साथ छह वर्ष तक के बच्चों को भी प्रवेश की अनुमति दी गई है. अन्य परिजनों का प्रवेश वर्जित रहेगा.
मुलाकात की अधिकतम अवधि 10 मिनट तय की गई है, जिसे आवश्यकता अनुसार बदला जा सकता है. सभी आगंतुकों को आधार कार्ड या वैध पहचान पत्र की प्रति लाना अनिवार्य होगा, अन्यथा मुलाकात की अनुमति नहीं मिलेगी.
रक्षाबंधन पर आवश्यक सामग्री जैसे राखी, हल्दी, कुमकुम, नारियल, रूमाल एवं मिठाई आदि जेल कैंटीन में निर्धारित शुल्क पर उपलब्ध रहेगी. बाहर से लाई गई सामग्री जेल में ले जाना प्रतिबंधित है.
किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित वस्तुएं जैसे बीड़ी, तम्बाकू, गुटखा, मोबाइल, घड़ी, हेडफोन आदि लाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जेल प्रशासन ने सभी आगंतुकों से नियमों का पालन करने की अपील की है.
