सतना: जिले में आय प्रमाण पत्रों में हुई गंभीर लिपिकीय त्रुटियों ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. कोठी तहसील के नयागांव निवासी रामस्वरुप के नाम पर 22 जुलाई को जारी प्रमाण पत्र में उनकी वार्षिक आय मात्र 3 रुपये दर्शाई गई.इसका अर्थ मासिक आय 25 पैसे होती है, जो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहा. दस्तावेज़ पर तहसीलदार के हस्ताक्षर भी मौजूद थे.मामला तूल पकड़ने पर तहसीलदार सौरभ द्विवेदी ने इसे लिपिकीय गलती बताते हुए नया प्रमाण पत्र जारी किया, जिसमें आय 30 हजार रुपये वार्षिक दर्शाई गई.
इसी तरह उचेहरा तहसील के अमदरी गांव निवासी संदीप कुमार नामदेव के 7 अप्रैल को जारी आय प्रमाण पत्र में उनकी वार्षिक आय को शून्य दिखाया गया था. यह प्रमाण पत्र भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद एसडीएम सोमेश द्विवेदी ने गलती स्वीकारते हुए संशोधित प्रमाण पत्र जारी किया, जिसमें आय 40 हजार रुपये दर्शाई गई.
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने प्राधिकृत अधिकारियों और लोक सेवा केंद्र संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. साथ ही, प्रमाण पत्र जारी करने से पहले दस्तावेजों की गहन जांच के निर्देश दिए हैं.
