ग्वालियर: टेकनपुर के 28 वर्षीय हैप्पी शर्मा ने शिव भक्ति में अनोखा कदम उठाया है। उन्होंने पैदल ही 12 ज्योतिर्लिंगों की यात्रा का संकल्प लिया और 18 महीनों में 11 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन पूरे कर लिए हैं।हैप्पी ने अपनी यात्रा 1 मार्च 2024 को शुरू की थी। उनका मूल विचार केवल काशी विश्वनाथ की पैदल यात्रा करने का था। लेकिन एक रात सोने के बाद उनका संकल्प बदल गया और उन्होंने सभी 12 ज्योतिर्लिंगों की पैदल यात्रा करने का निर्णय लिया।
उन्होंने बताया कि शुरुआत में उनकी योजना प्रतिदिन 70-80 किलोमीटर चलने की थी, ताकि शिवरात्रि तक काशी विश्वनाथ पहुंच सकें। हालांकि, 560 किलोमीटर की यह यात्रा 19 दिनों में पूरी हुई। इसके बाद उन्होंने बैद्यनाथ, श्रीशैलम, रामेश्वरम, भीमाशंकर होते हुए उज्जैन तक की यात्रा पूरी की।हैप्पी ने अपनी यात्रा के दौरान आई कठिनाइयों के बारे में भी बताया। उन्हें सबसे अधिक परेशानी दक्षिण भारत में हुई।
वहां कई किलोमीटर तक जंगलों से होकर चलना पड़ा और खाने-पीने की समस्या भी रही। उत्तर भारत के विपरीत दक्षिण भारत के मंदिरों में रुकने की अनुमति नहीं मिलती थी। इसलिए उन्हें कई बार तंबू लगाकर रात बितानी पड़ी। शुद्ध शाकाहारी होने के कारण उन्हें दक्षिण भारत में भोजन संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
