
गुना। फतेहगढ़ स्टेट हाईवे पर स्थित बालाजी फ्यूल पंप पर पेट्रोल में मिलावट और ग्राहकों से दुर्व्यवहार की गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पेट्रोल में पानी की मिलावट की जा रही है, जिससे उनके वाहन बार-बार खराब हो रहे हैं। भिंडरा गांव के बलदाऊ मीना ने बताया कि उन्होंने प्लास्टिक केन में पेट्रोल भरवाया, जिसमें लगभग 20% पानी अलग होकर नीचे बैठ गया। शिकायत करने पर पंप संचालक ने उनसे बदसलूकी की और धमकाया।
कुम्हारी गांव के अजित मेहता ने आरोप लगाया कि पंप संचालक मशीन खराब होने का बहाना बनाकर नॉर्मल पेट्रोल की जगह स्पीड पेट्रोल डालता है और प्रति लीटर 8-10 रुपये ज्यादा वसूलता है। ग्रामीणों का कहना है कि यह धोखाधड़ी लंबे समय से चल रही है और पंप संचालक किसी की शिकायत नहीं सुनता।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जांच की मांग की है और चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे हाईवे जाम कर प्रदर्शन करेंगे। कलेक्टर किशोर कन्याल ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
