मनीला, 27 जुलाई (वार्ता) फिलीपींस की राजधानी मनीला के दक्षिण-पूर्व में स्थित मसबाते प्रांत में रविवार को सैनिकों के साथ हुई झड़प में सात संदिग्ध विद्रोही मारे गए।
सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी मेजर फ्रैंक रोल्डन ने बताया कि प्रांत के उसोन शहर में एक लड़ाकू अभियान में सुबह लगभग छह बजे सैनिकों की न्यू पीपुल्स आर्मी (एनपीए) के 15 कथित सदस्यों के साथ झड़प हुई, जिसमें सात विद्रोही मारे गए। इस लड़ाई में कोई भी सैनिक मारा या घायल नहीं हुआ।
सेना ने कहा कि सैनिकों ने मुठभेड़ स्थल से सात असॉल्ट राइफलें और दो ग्रेनेड लांचर बरामद किए।
एनपीए के विद्रोही 1969 से सेना से लड़ रहे हैं। अपने घटते लड़ाकों के बावजूद, एनपीए ग्रामीण इलाकों में छोटे पैमाने पर हमले जारी रखे हुए है।
