दतिया: सिंधी समाज के प्रमुख धार्मिक पर्व ज्योति स्नान महोत्सव में गाड़ी खाना स्थित सिंधी मंदिर से निकले चल समारोह ने करन सागर तालाब तक का 7 किलोमीटर का सफर तय किया।बारिश के बीच निकले श्रद्धालु पूरे जोश और भक्ति में लीन नजर आए। झांकियों, डीजे और संतों की उपस्थिति में निकले इस चल समारोह ने शहरवासियों का दिल जीत लिया।
चल समारोह की शुरुआत जय ज्योतिन वारा के जयकारों और ढोल-ताशों की गूंज के साथ हुई। धार्मिक भजनों पर थिरकते युवाओं की टोलियां, डीजे और बैंड की धुनों पर झूमते श्रद्धालु पूरे रास्ते माहौल को भक्तिमय बनाते रहे। बारिश भी आस्था को नहीं डिगा सकी।
श्रद्धालु भीगते हुए डांस करते दिखे। चल समारोह करन सागर तालाब पहुंचा, जहां संतों की उपस्थिति में पवित्र ज्योति का स्नान कराया गया। इसके बाद वहां नई ज्योति प्रज्ज्वलित की गई और रथ के साथ पुनः मंदिर लाया गया, जहां विधिपूर्वक ज्योति की स्थापना की गई।
