इटारसी। तवा बांध के कैचमेंट एरिया और पहाड़ों पर हो रही लगातार तेज बारिश के कारण बांध के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। बांध के तीन गेट सबसे पहले खोले गये थे, जो पांच, सात होते हुए अब आज शाम को उनकी संख्या 9 कर दी है तथा ऊंचाई दस फीट कर दी गई है। तवा डैम का वर्तमान जल स्तर 1160.60 फ़ीट है।
मौसम विभाग द्वारा आगामी 24 घंटे हेतु जारी अलर्ट चेतावनी, तथा तवा बांध के जल संग्रहण क्षेत्र में हो रही निरंतर वर्षा से बांध में जल की आवक को देखते हुए, तवा बांध के बढ़ते जलस्तर को स्थिर रखने हेतु आज शाम 6 बजे तवा बांध के 9 जलद्वारों को 10.00 फीट (प्रत्येक ) खोलकर 40000 cusec की बढ़ोतरी कर कुल 1,40,000 क्यूसेक अतिरिक्त जल की निकासी की जा रही है।
उक्त जल तवा नदी में छोड़ा जा रहा है। साथ ही बारना 25000 cusec से बढ़ाकर 35000 cusec एवं बरगी जलाशय 120000 cusec से भी अतिरिक्त जल की निकासी की जा रही है। तवा एवं नर्मदा नदी के किनारे बसे हुए गांव के लोगों को सतर्क रहने व नदी किनारे न जाने हेतु प्रशासन ने कहा है। वर्तमान में नर्मदापुरम में सेठानी घाट पर जलस्तर 950 feet है, तथा बांधों से छोड़े जाने वाले पानी के कारण जिसमें तेजी से बढ़ोतरी की पूर्ण संभावना है।
