
भोपाल।राजधानी में ऑनलाइन किराना और अन्य सामान डिलीवरी कंपनी ब्लिंकिट के डिलीवरी बैग का इस्तेमाल कर अवैध शराब की होम डिलीवरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आबकारी विभाग ने चार दिन की कड़ी रेकी के बाद करोंद क्षेत्र में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3.70 लाख रुपये मूल्य की 31 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की है।
इस कार्रवाई में आबकारी अधिकारियों ने करोंद के शिवनगर निवासी संतोष अग्रवाल के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांडों की 31 पेटी अवैध शराब बरामद हुई।
आबकारी अधिकारियों के अनुसार, आरोपी संतोष अग्रवाल Blinkit के अलग-अलग साइज के बैग में शराब की होम डिलीवरी करता था और ऑनलाइन पेमेंट एप के माध्यम से ही भुगतान लेता था। तलाशी में उसके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनके कॉल रिकॉर्ड से शराब के इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिलने की संभावना है।
पूछताछ में आरोपी संतोष ने बताया कि वह ब्लिंकिट के बैग का इस्तेमाल इसलिए करता था ताकि किसी को शक न हो। आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) और 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। वृत प्रभारी अधिकारी चंदरसिंह ने इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
