
इंदौर। कल शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर आज भी दोपहर 4 बजे तक जारी रहा। आज सुबह से शाम तक 1.75 यानी पौने दो एवं कल और आज मिलाकर शहर में 3.5 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। दो दिन अच्छी बारिश होने से किसानों ने राहत की सांस ली। पिछले दो दिनों की बारिश के साथ शहर में इस मौसम में कुल 9.5 इंच बारिश हो चुकी है। यह पिछले साल के मुकाबले अभी भी 5 इंच कम है।
शहर में कल शाम से बारिश हो रही है। कल शाम पांच बजे से लेकर देर रात तक करीब डेढ़ इंच से ज्यादा वर्षा हुई है। इसमें भी शहर के पूर्वी क्षेत्र रीगल से लेकर बायपास तक दो इंच और पश्चिम क्षेत्र में करीब 1.25 सवा इंच बारिश हुई।
आज दिनभर में मौसम केंद्र के अनुसार 44 मिलीमीटर बारिश हुई है। इस हिसाब से आज शाम 5 बजे तक 1.75 यानी पौने दो इंच वर्षा दर्ज की गई है।
पिछले दो दिन से जारी बारिश के कारण फसलों को जीवनदान मिल गया है। प्रमुख फसल सोयाबीन के पत्ते पीले पड़ने लगे थे। लगातार दो दिन पानी गिरने से खेतों में फसलों के कीड़े भी मर जाएंगे। दो दिन से अच्छी बारिश होने से किसानों ने राहत की सांस ली।
ओंकारेश्वर और इंदिरा सागर बांध के गेट खुलेंगे
जबलपुर और नर्मदा के ऊपरी हिस्से में भारी बारिश के कारण नर्मदा नदी का जल स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। ऊपरी क्षेत्रों से पानी आने के कारण ओंकारेश्वर और इंदिरा सागर बांध में भी जल स्तर बढ़ने लगा है। इस कारण ओंकारेश्वर और इंदिरा सागर बांध के निचले गेट खोले जाएंगे।
