नई दिल्ली 05 जनवरी (वार्ता) केंद्रीय इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी 06 जनवरी को इस्पात उद्योग के लिए उत्पादन-लिंक्ड प्रोत्साहन (पीएलआई) 1.1 योजना का शुभारंभ करेंगे।
इस्पात मंत्रालय ने रविवार को बताया कि केंद्रीय इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी 06 जनवरी 2025 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में ‘पीएलआई योजना के संशोधित संस्करण 1.1’ का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत इस्पात उद्योग के लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
पीएलआई योजना की शुरुआत वर्ष 2020 में वैश्विक लॉकडाउन के दौरान घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए की गई थी। शुरुआत में इसे तीन क्षेत्रों में लागू किया गया था, जिसे बाद में नवंबर 2020 में इस्पात उद्योग को भी शामिल करने के लिए विस्तारित किया गया।
इस्पात मंत्रालय की पीएलआई योजना ने अब तक 27,106 करोड़ रुपए के निवेश, 14,760 प्रत्यक्ष रोजगार और 79 लाख टन ‘स्पेशलिटी स्टील’ के उत्पादन का लक्ष्य हासिल करने की प्रतिबद्धता हासिल की है। नवंबर 2024 तक, उद्योग ने 18,300 करोड़ रुपए का निवेश कर 8,660 से अधिक रोजगार सृजित किए हैं।
मंत्रालय ने उद्योग के साथ नियमित बातचीत के आधार पर योजना को संशोधित करने का निर्णय लिया है। यह कदम अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और उद्योग की जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
