ड्रग्स के जाल में फंसा भाजपा नेता का बेटा, पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश 

इंदौर. क्राइम ब्रांच की टीम ने मादक पदार्थ एमडी की डिलीवरी से पहले एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी भाजपा नेता का बेटा है और गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पुलिस कर्मियों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश भी की.

गिरफ्तार किया युवक माज खान, भाजपा नेता कमाल खान का बड़ा बेटा है. वह एक युवती के साथ हाईकोर्ट के सामने स्थित धेनु मार्केट रोड पर ड्रग्स की डिलीवरी के इरादे से पहुंचा था. क्राइम ब्रांच की टीम को पहले से मुखबिर के जरिए सूचना मिल चुकी थी. मौके पर दबिश देते हुए टीम ने उसे डिलीवरी से ठीक पहले पकड़ लिया. सूत्रों के अनुसार, माज खान के पास से करीब 50 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई है, जो न केवल नशे के सेवन बल्कि तस्करी के संगठित नेटवर्क की ओर भी इशारा करती है. पुलिस का मानना है कि इतनी मात्रा में एमडी आमतौर पर व्यक्तिगत इस्तेमाल के लिए नहीं लाई जाती. गिरफ्तारी के समय माज खान के साथ एक युवती भी मौजूद थी, जिसकी भूमिका की जांच की जा रही है. फिलहाल उसकी पहचान उजागर नहीं की गई है, लेकिन पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है. क्राइम ब्रांच अब इस बात की तह में जा रही है कि माज खान यह नशा किससे लेकर आया था और किस तक पहुंचाने वाला था. साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं. पुलिस को जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य चेहरों का खुलासा होने की उम्मीद है. इस मामले ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मचा दी है, क्योंकि आरोपी का संबंध एक सक्रिय सत्ताधारी दल के नेता से है. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस जल्द ही पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की तैयारी में है.

Next Post

लंच से पहले वोक्स ने भारत को दिये दो झटके

Sat Jul 26 , 2025
मैनचेस्टर, 25 जुलाई (वार्ता) क्रिस वोक्स ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए चौथे टेस्ट मैच के चौथे दिन शनिवार को पहले ही ओवर में भारत को दूसरी पारी में लंच से पहले दो गेंदों में लगातार दो विकेट झटककर इंग्लैंड की मैच पर पकड़ को मजबूत कर दिया है। […]

You May Like