
छिन्दवाड़ा।यूरिया खाद वितरण में लापरवाही पर सांसद बंटी विवेक साहू ने नाराजगी जताई है। शनिवार को सांसद कार्यालय में कृषि, जिला सहकारी एवं वितरण विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि जिले में नौ हजार मिट्रिक टन यूरिया की पांच रेक शीघ्र पहुंचेगी, जिसका वितरण सुनियोजित तरीके से किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बोनी के क्षेत्रफल के अनुसार यूरिया की आपूर्ति हो और खाद वितरण की दैनिक जानकारी उन्हें दी जाए। ट्रांसपोर्ट और समितियों में कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है। लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और ट्रांसपोर्टर्स पर एफआईआर के निर्देश दिए गए। बैठक में भाजपा नेता टीकाराम चंद्रवंशी, रमाकांत पटेल, जिला कृषि अधिकारी जितेन्द्र सिंह, सहकारी बैंक के अभय जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
