जांच आयोग ने आरसीबी के घरेलू मैदान चिन्नास्वामी को बड़े आयोजनों के लिए असुरक्षित माना

बेंगलुरु, 26 जुलाई (वार्ता) गत चार जून को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के विक्ट्री परेड के दौरान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई दुखद भगदड़ की जांच के लिए कर्नाटक सरकार द्वारा नियुक्त न्यायमूर्ति जॉन माइकल कुन्हा आयोग इस निष्कर्ष पर पहुंचा है कि यह स्थल बड़े पैमाने पर होने वाले कार्यक्रमों की सुरक्षित मेजबानी के लिए सुरक्षित नहीं है।

अपनी रिपोर्ट में, आयोग ने कहा कि स्टेडियम का “डिजाइन और संरचना” स्वाभाविक रूप से सामूहिक समारोहों के लिए “अनुपयुक्त और असुरक्षित” है। आयोग ने आगे चेतावनी दी कि इस स्थल पर उच्च-उपस्थिति वाले कार्यक्रमों का आयोजन जारी रखने से “सार्वजनिक सुरक्षा, शहरी गतिशीलता और आपातकालीन तैयारियों के लिए अस्वीकार्य जोखिम” वाली स्थिति पैदा हो सकती है।

ईएसपीएनक्रिकइंफो के साथ कर्नाटक सरकार ने जो रिपोर्ट साझा की है उसके मुताबिक़ आरसीबी के इवेंट पार्टनर डीएनए एंटरटेनमेंट और कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) को इस दुखद भगदड़ में उनकी भूमिका के लिए दोषी ठहराया गया है, जिसमें 11 लोग मारे गए थे और 50 से अधिक घायल हो गए थे।

इससे स्टेडियम में होने वाले भविष्य के आयोजन अधर में लटक गए हैं। चिन्नास्वामी स्टेडियम अगले कुछ महीनों में कई “उच्च-उपस्थिति” वाले आयोजनों की मेजबानी करने वाला है, जिसमें सितंबर और नवंबर 2025 के बीच होने वाले वनडे महिला विश्व कप का उद्घाटन मैच, सेमीफाइनल और संभवत: फाइनल भी शामिल है। फ़िलहाल, केएससीए ने कहा है कि 11 अगस्त से शुरू होने वाली राज्य की फ्रेंचाइजी -आधारित टी20 प्रतियोगिता, महाराजा ट्रॉफी टी20, बिना दर्शकों (क्लोज्ड डोर्स) के खेली जाएगी।

“व्यवस्थित सीमाओं” का हवाला देते हुए, आयोग ने “दृढ़ता से अनुशंसा” की है कि बड़े पैमाने के आयोजनों को ऐसे स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए जो भारी भीड़ को संभालने के लिए “बेहतर अनुकूल” हों। रिपोर्ट में कहा गया है, “भविष्य में आयोजित होने वाले किसी भी आयोजन स्थल को अंतर्राष्ट्रीय मानकों का पालन करना जरूरी होगा।”

इसमें कई प्रमुख आवश्यकताओं का जिक्र किया गया है, जिनका देश के सबसे पुराने स्टेडियमों में से एक, एम चिन्नास्वामी स्टेडियम (1974 में निर्मित) में कोई प्रावधान नहीं है। जैसे: “सार्वजनिक सड़कों से अलग, उद्देश्य-निर्मित कतार और संचलन क्षेत्र, बड़े पैमाने पर प्रवेश और निकास के प्रबंधन के लिए पर्याप्त प्रवेश और निकास द्वार, सार्वजनिक परिवहन और आस-पास के पर्यटन केंद्रों तक एकीकृत पहुंच, वैश्विक सुरक्षा मानदंडों के अनुरूप व्यापक आपातकालीन निकासी योजनाएं और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों के लिए पर्याप्त पार्किंग और ड्रॉप-ऑफ सुविधाएं।”

पैनल ने केएससीए प्रमुख रघुराम भट, पूर्व सचिव ए शंकर, पूर्व कोषाध्यक्ष ई एस जयराम (दोनों ने घटना के बाद नैतिक जिम्मेदारी का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया था) के अलावा आरसीबी के उपाध्यक्ष राजेश मेनन, डीएनए एंटरटेनमेंट नेटवर्क्स के एमडी टी वेंकट वर्धन और उपाध्यक्ष सुनील माथुर के खिलाफ भी कार्रवाई की सिफारिश की है।

इसमें यह भी कहा गया है कि पुलिस अधिकारी बी दयानंद, विकास कुमार, शेखर एचटी, सी बालकृष्ण और एके गिरीश – जिन्हें घटना के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने अपने पदों से हटा दिया था – ये सभी बंदोबस्त का हिस्सा होने के लिए जिम्मेदार थे।

कर्नाटक सरकार, जिसके अध्यक्ष मुख्यमंत्री सिद्धारमैया हैं, जिन्होंने जीत के तुरंत बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में विधान सौध की सीढ़ियों पर जश्न मनाने का आह्वान किया था, उनपर भी अगली कैबिनेट बैठक में निर्णय लिए जाने की उम्मीद है।

 

Next Post

बैडमिंटन एशिया जूनियर व्यक्तिगत चैंपियनशिप: तन्वी शर्मा और वेन्नाला कलागोटला ने जीता कांस्य पदक

Sat Jul 26 , 2025
सोलो, 26 जुलाई (वार्ता) बैडमिंटन एशिया जूनियर व्यक्तिगत चैंपियनशिप 2025 में भारत का शानदार अभियान तन्वी शर्मा और वेन्नाला कलागोटला द्वारा महिला एकल वर्ग में कांस्य पदक जीतने के साथ समाप्त हुआ। यह भारत के लिए ऐतिहासिक पहला मौका था, क्योंकि इस प्रतियोगिता के एक ही संस्करण में दो महिला […]

You May Like