गुना: मुख्यमंत्री मोहन यादव शुक्रवार दोपहर विशेष हेलीकॉप्टर से गुना जिले के बीनागंज पहुंचे, जहां तोडरा रोड स्थित हेलीपैड पर उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम स्थल पर पहले से मौजूद जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अमले ने मुख्यमंत्री की अगवानी की। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, चांचौड़ा विधायक प्रियंका पेंची और भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार भी इस दौरान मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री इसके बाद सीधे कृषि उपज मंडी परिसर में पहुंचे, जहां स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने पारंपरिक अंदाज में तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। मंडी परिसर में विभिन्न विभागों और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनियों का आयोजन किया गया था, जिसे मुख्यमंत्री ने गहराई से देखा। गुना की पहचान बन चुके गुलाब और धनिया की प्रदर्शनी को उन्होंने खासतौर पर सराहा और इन उत्पादों को राज्य की विशिष्टता बताया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव यहां से कुंभराज वृहद सिंचाई परियोजना सहित कई अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद वे एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें वे सरकार की योजनाओं और स्थानीय विकास के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देंगे। सभा स्थल पर सुबह से ही भारी संख्या में लोग मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए एकत्र हो गए थे, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण हो गया। मुख्यमंत्री की यह यात्रा जिले के विकास की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, विशेषकर कृषि और सिंचाई क्षेत्र को लेकर स्थानीय लोगों में आशा का वातावरण बना है।
