खार्तूम 24 जुलाई (वार्ता) सूडान में पश्चिमी प्रांत कोर्डोफन के अल-नुहुद में अर्धसैनिक समूह रैपिड सपोर्ट फोर्स (आरएसएफ) के हमले में कम से कम 27 नागरिकों की मौत हो गयी और 43 अन्य घायल हो गए।
स्वयंसेवी समूह सूडानी डॉक्टर्स नेटवर्क ने एक बयान में कहा, “आरएसएफ ने बुधवार को अल-नुहुद शहर के समीप ब्रेमा राशिद गांव पर हमला किया। आरएसएफ की सशस्त्र इकाई ने निहत्थे नागरिकों पर उनके घरों के अंदर हिंसक हमला किया, जिसमें महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को निशाना बनाया गया। हमले में 27 नागरिक मारे गए और 43 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।”
समूह ने इस हमले को जघन्य और मानवता के विरुद्ध अपराध बताया है।
आरएसएफ ने अभी इस घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
सूडान अप्रैल 2023 से सूडानी सशस्त्र बलों (एसएएफ) और आरएसएफ के बीच संघर्ष की चपेट में है। दोनों पक्षों के बीच संघर्ष में अब तक हजारों लोग मारे गए हैं और लाखों लोग विस्थापित हुए हैं।
