बेंगलुरु, 24 जुलाई (वार्ता) सार्वजनिक क्षेत्र के केनरा बैंक को चालू वित्त वर्ष की 30 जून को समाप्त पहली तिमाही में एकल आधार पर 4,752.03 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही की तुलना में 21.68 प्रतिशत अधिक है।
बैंक के निदेशक मंडल की गुरुवार को हुई बैठक में मंजूर वित्तीय परिणामों के अनुसार, पहली तिमाही में उसकी कुल आय भी 32.74 फीसदी बढ़कर 7,060.48 करोड़ रुपये हो गयी। इसमें ब्याज से प्राप्त आय 22,618.32 करोड़ रुपये है।
बैंक ने बताया कि तिमाही के दौरान उसकी परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार हुआ है। उसका सकल एनपीए (गैर-निष्पादित परिसंपत्ति) अनुपात 30 जून 2025 को 2.69 प्रतिशत रहा जो इस साल 31 मार्च को 2.94 प्रतिशत था। इसी अवधि में शुद्ध एनपीए अनुपात भी 0.70 प्रतिशत से सुधरकर 0.63 प्रतिशत हो गया।
पहली तिमाही में बैंक का वैश्विक कारोबार 10.98 फीसदी बढ़कर 25,63,984 करोड़ रुपये पर पहुँच गया। उसका सकल ऋण उठाव भी 12.42 फीसदी बढ़कर 10,96,329 करोड़ रुपये रहा। पहली तिमाही में बैंक की प्रति शेयर आय 21.66 प्रतिशत बढ़कर 21.01 रुपये हो गयी।
तिमाही परिणामों की घोषणा के बाद केनरा बैंक के शेयर में तेज उछाल देखा गया। बीएसई में उसका शेयर 5.29 प्रतिशत ऊपर 113.50 रुपये पर बंद हुआ।

