
ग्वालियर। रेलवे स्टेशन के पास बजरिया क्षेत्र स्थित श्री मंशापूर्ण रेस्टोरेंट में पुलिस और रेस्टोरेंट मैनेजर के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि रात करीब 2 बजे विश्वविद्यालय थाने में पदस्थ एसआई प्रदीप आर्या ने रेस्टोरेंट के मैनेजर प्रेम शर्मा से मारपीट की। इस दौरान एसआई ने न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि थप्पड़ और लातें भी मारीं। यह पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकडऩे लगा। रेस्टोरेंट संचालक सुनील राजपूत और मैनेजर प्रेम शर्मा एसपी कार्यालय पहुंचे और एसआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पड़ाव सर्किल के सीएसपी रॉबिन जैन ने बताया कि होटल संचालक और मैनेजर पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे थे। अधिकारियों की मध्यस्थता के बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद आपसी सहमति से विवाद सुलझा लिया गया। अब दोनों पक्ष किसी तरह की पुलिस कार्रवाई नहीं चाहते हैं। जानकारी के अनुसार एसआई प्रदीप आर्या गत देर रात रेस्टोरेंट को बंद कराने पहुंचे थे। इसी दौरान मैनेजर से कहासुनी हो गई जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। मामले का वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर भी कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं, जिसके बाद पुलिस महकमे ने मामले को शांतिपूर्वक निपटा दिया है।
