
दमोह. जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में आने वाले (बांसा कला) सजियाहार गांव में बुधवार सुबह करीब 4 बजे एक महिला सहित 2 साल की बच्ची का शव कुएं में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैली हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंघी, नायब तहसीलदार दीपमाला सिंह और पथरिया से सब इंस्पेक्टर संतोष सिंह सहित पुलिस पहुंची थी.दो दिन पहले ही उसके पति निहाल पटेल ने भी छत से कूंदकर आत्महत्या कर ली थी.परिवार के लोगों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है, फिलहाल पथरिया पुलिस मामले की जांच कर रही है. महिला की एक और 4 साल की बेटी है. दमोह के हिन्नाई उमरी निवासी आत्महत्या करने वाली सीमा पटेल के भाई धीरेंद्र ने बताया कि मंगलवार को वह बहन के घर में ही था. रात में उसे दूसरे कमरे में सुलाया गया था और बाहर से दरवाजे को लॉक कर दिया गया था.सुबह 4:30 बजे मुझे बताया गया कि मेरी बहन ने मेरी भांजी अंशु के साथ कुएं में कूंद कर आत्महत्या कर ली. मुझे पूरा यकीन है कि मेरी बहन की ननंद ने ही बहन की हत्या करके उसे कुएं में फेंक दिया है.मृत सीमा के पिता विश्वनाथ पटेल कुशवाहा ने कहा कि उन्होंने शादी में 10 लाख रुपए दिए थे. शादी को 5 साल हो चुके थे, उसके बाद भी ससुराल वाले रुपए की मांग करते थे और मेरी बेटी के साथ मारपीट करते थे. कुछ दिन पहले ही मैंने 500000 रूपये दिए थे, लेकिन उसके बाद भी ससुराल वाले मेरी बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे.
पथरिया थाना के एसआई संतोष सिंह ठाकुर ने बताया कि सजियाहार निवासी सीमा पटेल के जेठ कमलेश पटेल ने बुधवार सुबह 8 बजे सूचना दी थी कि उनकी बहू ने आत्महत्या कर ली है. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है.जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं उनकी भी जांच होगी.यदि आरोप सही पाए गए तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
इस आत्महत्या के कुछ घंटे पहले ही सीमा पटेल ने अपने फेसबुक अकाउंट पर आत्महत्या करने की बात लिखकर पोस्ट की थी. उसने लिखा था ” मैं आज दुनिया छोड़कर जा रही हूं, सब मेरी एक 4 वर्ष की बेटी का ध्यान रखना. इस पोस्ट के कुछ घंटे पहले भी सीमा ने एक और पोस्ट की थी जिसमें उसने अपने पति के जाने के का गम जिक्र करते हुए लिखा था क्या दिन थे आपके और पता ही नहीं चला आप छोड़कर चले गए.
