
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बण्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ककरट मे युवक की संदिग्ध परिस्थितिजन्य मौत के मामले मे पत्नी और देवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम ककरट निवासी युवक वीरेन्द्र लोधी पिता मुरली लोधी उम्र 25 वर्ष की मृत्यु संदिग्ध परिस्थितियों में होने की सूचना पर बंडा थाना मे मर्ग कायम लिया गया था। जिसमे मृतक का पलंग से गिरने से मृत्यु होना बताया गया था। मर्ग जांच हेतु थाना बरायठा स्थानांतरित किया गया।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गर्दन को दबाने से दम घुटना बताया गया, जो कि पूर्वघटित अवस्था में होना प्रमाणित हुआ। यह मृत्यु सामान्य नहीं होकर संदेहास्पद पाई गई, जिससे मर्ग को हत्या में परिवर्तित कर गहन विवेचना प्रारंभ की गई।जांच के दौरान मृतक के पिता मुरली लोधी एवं अन्य गवाहों के कथन लिए गए। गवाह के कथनों से यह तथ्य सामने आया कि मृतक की पत्नी सीता लोधी के उसके देवर राजेन्द्र उर्फ भागचंद लोधी से अवैध संबंध थे। 15 जुलाई की रात को मृतक द्वारा अपनी पत्नी और भाई को कमरे मे एक साथ देख लिया जो तीनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसमें राजेन्द्र द्वारा मृतक की गर्दन पकड़ी गई और सीता द्वारा सीना दबाया गया, जिससे मृतक की मृत्यु हो गई। उक्त मामले में संकलित साक्ष्य, गवाहों के कथन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं डॉक्टर द्वारा दी गई स्पष्टिकरण रिपोर्ट के आधार पर आरोपी राजेन्द्र उर्फ भागचंद लोधी व सीता लोधी के विरुद्ध धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को न्यायालय प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
