
मंडला। बदलते मौसम, बढ़ते तापमान और घटते हरियाली के बीच जब पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता हर दिन और अधिक गहराई से महसूस की जा रही है, ऐसे समय में रोटरी क्लब मंडला ने एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल करते हुए एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। सकरी आमानाला जबलपुर रोड स्थित क्षेत्र को हरियाली से संवारने का संकल्प लेकर क्लब के सदस्यों ने मिलकर विभिन्न छायादार, फलदार और औषधीय पौधों का रोपण किया। सिर्फ पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी भी स्वयं ली यही इस कार्यक्रम की खास बात रही। कार्यक्रम की अगुवाई क्लब अध्यक्ष गीता कल्पीवार ने की, जिनके नेतृत्व में सामूहिक संकल्प लिया गया कि “हर पौधा एक जीवन है, और उसकी रक्षा हमारा कर्तव्य।” क्लब सचिव प्रसन्न सराफ ने इस अवसर पर कहा कि “वृक्षारोपण केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए प्रकृति को सुरक्षित करने की प्रक्रिया है।”
इस आयोजन की एक और खासियत रही स्थानीय नागरिकों की भागीदारी। क्लब ने सिर्फ पौधे नहीं रोपे, बल्कि पर्यावरण के प्रति चेतना के बीज भी बोए, जिससे आने वाले समय में सामूहिक जिम्मेदारी और जन-सहयोग से हरित क्रांति को बल मिल सके।
