लंदन, 22 जुलाई (वार्ता) ब्रिटेन और 27 अन्य देशों ने नागरिकों की पीड़ा के “नई गहराई तक पहुँचने ”का हवाला देते हुये गाजा में युद्ध को तत्काल समाप्त करने का आह्वान किया है।
एक संयुक्त बयान में कहा गया है कि इजरायल का सहायता वितरण मॉडल खतरनाक है और भोजन और पानी की तलाश में “बूँद-बूँद सहायता पहुँचाने और नागरिकों की अमानवीय हत्या” की निंदा की गई है।
बीबीसी की रिपोर्ट में कहा गया कि गाजा के हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि सप्ताहांत में भोजन की प्रतीक्षा करते समय इजरायल गोलीबारी में 100 से अधिक फ़िलिस्तीनी मारे गए और 19 अन्य कुपोषण के कारण मारे गए। हालांकि, इजरायल के विदेश मंत्रालय ने इन देशों के बयान को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि यह “वास्तविकता से अलग है और हमास को गलत संदेश देता है”।
मंत्रालय ने सशस्त्र समूह पर नए युद्धविराम और बंधक रिहाई समझौते पर सहमत होने के बजाय झूठ फैलाने और सहायता वितरण को कमज़ोर करने का आरोप लगाया।
हमास के साथ पिछले 21 महीनों के युद्ध के दौरान गाजा में इजरायल की रणनीति की निंदा करने वाले कई अंतरराष्ट्रीय बयानों के विपरीत, यह घोषणा अपनी स्पष्टता के लिए उल्लेखनीय है।
इस पर हस्ताक्षर करने वालों में ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, फ्रांस, इटली, जापान, न्यूजीलैंड और स्विट्जरलैंड सहित 27 अन्य देशों के विदेश मंत्री शामिल हैं।
