मुंबई, 21 जुलाई (वार्ता) बैंकों की डॉलर खरीद से रुपये में सोमवार को लगातार चौथे दिन गिरावट रही और यह 14.50 पैसे टूटकर 86.31 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर आ गया।
रुपये पर आज शुरू से ही दबाव रहा। यह 10.50 पैसे टूटकर 86.27 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान एक समय यह 86.1950 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हुआ तो दूसरी तरफ 86.36 रुपये प्रति डॉलर तक कमजोर भी हुआ। कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 86.31 रुपये प्रति डॉलर के भाव बिका।
रिलायंस सिक्योरिटीज के वरिष्ठ अनुसंधान विश्लेषक श्रीराम अय्यर ने बताया कि विदेशी तथा निजी बैंकों की ओर से डॉलर की खरीद की गयी। इससे रुपया दबाव में आ गया। हालांकि दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर में रही गिरावट ने इसे और ज्यादा नहीं गिरने दिया।
डॉलर सूचकांक आज 0.4 प्रतिशत से अधिक टूट गया। इसके अलावा अन्य कारकों ने भी रुपये को समर्थन दिया। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में गिरावट रही। विदेशी संस्थागत निवेशकों के भारतीय पूँजी बाजार में पैसा लगाने से भी रुपये पर दबाव कुछ कम हुआ।
